बीकानेर: शादी का झांसा देकर नकदी और जेवरात हड़पने का आरोप, मामला दर्ज

बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में शादी का रिश्ता तय करने के नाम पर कथित रूप से नकदी और जेवरात लेकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार जोरावरपुरा बास, नोखा निवासी भंवरलाल पुत्र चुन्नीलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2022 में आरोपियों ने अपनी पुत्री का रिश्ता उसके पुत्र के साथ तय किया था। रिश्ता तय होने के दौरान आरोपियों ने नकदी और जेवरात ले लिए।
परिवादी का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जब उनसे दी गई नकदी और जेवरात वापस मांगे गए तो उन्होंने लौटाने से भी मना कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई।
नोखा थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर कालूराम और लीलाधर, निवासी अलाय, थाना श्रीबालाजी, जिला नागौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।