राजस्थान सरकार ने बढ़ाई तबादलों की छूट, अब 10 जुलाई तक हो सकेंगे स्थानांतरण

जयपुर। प्रदेश सरकार ने तबादला अवधि में छूट बढ़ा दी है. बता दें कि पहले तबादलों की अंतिम तिथि 5 जुलाई थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 जुलाई तक कर दिया गया है। इस संबंध में शासन सचिव शुचि त्यागी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। अब तबादला चाहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को आवेदन एवं प्रक्रिया पूरी करने के लिए पांच दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा।
प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग ने 19 जून को राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर सामान्य प्रतिबंध लगाया था। बाद में प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए सीमित अवधि के लिए इस प्रतिबंध में छूट प्रदान की गई थी। अब सरकार ने उसी छूट की अवधि को 10 जुलाई तक बढ़ा दिया है।
हालांकि, सरकार ने इस छूट से दो वर्गों को बाहर रखा है। आदेश के अनुसार शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण पर पहले की तरह रोक जारी रहेगी। वहीं, मानसून के दौरान मौसमी बीमारियों की आशंका और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों के तबादलों पर लगी रोक भी अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
सरकार का मानना है कि बरसात के मौसम में अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है, ऐसे में स्वास्थ्य कर्मियों के तबादले से सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं शिक्षा विभाग में भी शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर रोक बरकरार रखी गई है।
इधर, तबादला प्रक्रिया को लेकर सरकारी महकमों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। छूट की अवधि बढ़ने के बाद विभिन्न विभागों में लंबित स्थानांतरण प्रस्तावों के निस्तारण में तेजी आने की संभावना है। वहीं, जिन अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले प्रस्तावित हैं, उन्हें भी 10 जुलाई तक राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान तबादला चाहने वाले कार्मिकों और उनके परिजनों का मंत्रियों के आवास और कार्यालय में जमावड़ा बढ़ गया है। सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकर्ता भी अपने समर्थकों का तबादला करवाने के लिए मंत्रियों के यहां चक्कर काट रहे हैं।