बीकानेर: जंगल में मिला महिला का शव, 4 साल से पति से अलग रह रही थी, आरोपी कोटा से पकड़ा गया

post 521 (1)

बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़। बीदासर रोड स्थित तेजाजी मंदिर के सामने वन क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बुधवार को बताया कि महिला की हत्या बेरहमी से की गई थी। वारदात के बाद से उसका पार्टनर फूलचंद भील फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने कोटा से पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 37 वर्षीय बाली बाई पत्नी बालचंद भील, निवासी उमरिया भालता (झालावाड़) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब चार वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी और फूलचंद भील के साथ रह रही थी। महिला क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करती थी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद से फूलचंद गायब था। उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने पर वह कोटा में मिला, जहां से पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की कनपटी पर नुकीले पत्थर से वार कर हत्या की गई है।

वृत्ताधिकारी निकेत पारीक ने बताया कि सोमवार रात दोनों ने शराब पी थी और इसी दौरान उनके बीच झगड़ा हुआ था। उस समय महिला का नाबालिग बेटा भी वहीं मौजूद था, लेकिन झगड़े के दौरान वह खाना खाने चला गया। वापस लौटने पर उसे दोनों गायब मिले।

मंगलवार शाम मृतका के नाबालिग बेटे ने थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी मां और फूलचंद साथ रहते थे तथा दोनों शराब पीकर झगड़ते भी थे। बेटे ने आशंका जताई कि उसकी मां की हत्या में फूलचंद का हाथ हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

You may have missed