बीकानेर: पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद प्रसूता की मौत, पहले ही हो चुकी थी नवजात की मृत्यु

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में एक बार फिर प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। सिजेरियन प्रसव के बाद भर्ती महिला ने रविवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान नापासर के कुचौर निवासी लीला के रूप में हुई है, जिन्हें 3 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के अनुसार, चिकित्सकों ने महिला की स्थिति को देखते हुए सिजेरियन ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत लगातार गंभीर होती गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान उसे कार्डियक अरेस्ट आया और उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि प्रसव के कुछ समय बाद नवजात शिशु की भी मौत हो गई थी। मां और नवजात दोनों की मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। अस्पताल प्रशासन ने भी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. घीया ने कहा कि अस्पताल में कई गंभीर स्थिति वाले मरीज उपचार के लिए आते हैं, इसलिए प्रत्येक मामले को अलग-अलग परिस्थितियों में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटना को अन्य मामलों से जोड़कर देखना उचित नहीं होगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।