बीकानेर: क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रूपए से अधिक का हिसाब मिला, बुकी गिरफ्तार

post 122 (1)

बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सट्टेबाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े कई सक्रिय अकाउंट मिले हैं।

थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर एएसआई गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार देर रात सिंधी कॉलोनी में दबिश दी। इस दौरान राजन सिंधी नामक युवक घर के बाहर सीढ़ियों पर बैठा मिला। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से क्रिकेट सट्टेबाजी वेबसाइट पर “04 राजन 22” और “जटाधारी 22” नाम से लॉगिन आईडी मिलीं। जांच के दौरान कुल 51 खाते सक्रिय पाए गए। पुलिस को आईपीएल के मैच नंबर 50, लखनऊ बनाम बेंगलुरु मुकाबले में करीब 1 करोड़ 16 लाख 41 हजार 494 रुपए की लगाई-खाई का हिसाब भी मिला है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच थानाधिकारी कश्यप सिंह कर रहे हैं। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल नरेंद्र और कांस्टेबल पुनीत की अहम भूमिका रही।