बीकानेर: कट्टे में भरकर अवैध शराब बेचने की फिराक में था युवक, पुलिस ने दबिश देकर किया गिरफ्तार

बीकानेर: नापासर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारतमाला रोड स्थित रेस्ट एरिया से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 67 पव्वे देशी शराब बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नापासर पुलिस की टीम बुधवार रात गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भारतमाला रोड पर होटल पंजाबी तड़का की पार्किंग के पास एक युवक सफेद कट्टा लेकर खड़ा है और अवैध शराब बेचने की फिराक में है।
सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके कट्टे से 67 पव्वे देशी मदिरा सादा बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान भूराराम पुत्र चैनाराम निवासी मोटानिया नगर, मतोड़ा जिला जोधपुर के रूप में बताई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास शराब रखने या बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने मौके पर वीडियोग्राफी कर शराब जब्त की और एक पव्वा सैंपल के रूप में सुरक्षित रखा।
नापासर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में एएसआई गोकुल चंद मीणा के साथ कांस्टेबल प्रदीप कुमार और वीरेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही।