RSSB अध्यक्ष आलोक राज का बड़ा बयान, Lab Assistant भर्ती में बढ़ सकते हैं 500 पद

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी और उत्साह बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने संकेत दिए हैं कि 10 मई को आयोजित होने वाली विज्ञान विषय की परीक्षा में करीब 500 अतिरिक्त पद जोड़े जा सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने दिया बड़ा संकेत:-
बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने कहा कि पदों की संख्या बढ़ने से युवाओं के चयन की संभावनाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि जिन्होंने लंबे समय से मेहनत कर तैयारी की है, वे किसी भी स्थिति में परीक्षा न छोड़ें और पूरे आत्मविश्वास के साथ शामिल हों।
9 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा:-
प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा को लेकर बोर्ड ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस भर्ती परीक्षा में कुल 9 लाख 22 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए राज्यभर में बड़े स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
- 9 मई की परीक्षा के लिए 1260 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
- 10 मई की परीक्षा के लिए 1600 से अधिक केंद्र बनाए गए हैं।
जानिए परीक्षा का पूरा शेड्यूल
9 मई को भूगोल विषय की परीक्षा एक ही पारी में आयोजित होगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा, जिसमें करीब 4 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
वहीं 10 मई को विज्ञान विषय की परीक्षा दो पारियों में कराई जाएगी—
- पहली पारी: सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- दूसरी पारी: दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक
विज्ञान विषय के लिए करीब 5 लाख 22 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। पदों में संभावित बढ़ोतरी की खबर के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह और बढ़ गया है।