बीकानेर: ट्रैक पर दौड़ी नई ‘बीकानेर-साबरमती’ एक्सप्रेस ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल

राजस्थान और गुजरात के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने पश्चिमी राजस्थान को गुजरात के बिजनेस हब अहमदाबाद (साबरमती) से जोड़ने के लिए नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू कर दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में ‘बीकानेर (लालगढ़)-साबरमती एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
यह नई ट्रेन सेवा बीकानेर, जोधपुर, नागौर और विशेष रूप से जालोर जिले के व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है, जो व्यापार, शिक्षा और उपचार के लिए नियमित रूप से राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करते हैं।
जालोर-भीनमाल को पहली बार मिली दैनिक कनेक्टिविटी
उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) के तहत शुरू की गई यह नई एक्सप्रेस ट्रेन राजस्थान के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जालोर जिले से बीकानेर और जोधपुर के लिए लंबे समय से सीधी और नियमित ट्रेन सेवा की मांग की जा रही थी। अब तक इस पूरे क्षेत्र में ऐसी कोई दैनिक ट्रेन उपलब्ध नहीं थी, जो पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों को आपस में जोड़ती हो।
इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से जालोर के साथ-साथ मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, रानीवाड़ा और धनेरा जैसे कस्बों के लोगों को भी भी गुजरात और बीकानेर जाने के लिए एक सुरक्षित और किफायती परिवहन का साधन मिल गया है।
उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल:-
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, उद्घाटन के लिए ट्रेन संख्या 04707 (बीकानेर-साबरमती उद्घाटन स्पेशल) बीकानेर से सुबह 9:45 बजे रवाना हुई और रात 11:50 बजे साबरमती पहुंचेगी।
यह ट्रेन नोखा, नागौर, मेड़ता रोड, गोटन, जोधपुर, लूनी, समदड़ी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी, पाटन और मेहसाणा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
22 जून से नियमित संचालन:-
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 19407 साबरमती से लालगढ़ के लिए 22 जून 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी, जबकि ट्रेन संख्या 19408 लालगढ़ से साबरमती के लिए 23 जून 2026 से शुरू होगी।
ट्रेन का समय और दूरी:-
यह एक्सप्रेस ट्रेन राजस्थान और गुजरात के बीच कुल 740 किलोमीटर की लंबी दूरी को करीब 14 घंटे 25 मिनट में तय करेगी। इसका शेड्यूल इस तरह से तैयार किया गया है कि यात्रियों को रात के सफर की सुविधा मिले और उनका पूरा दिन काम के लिए बच सके।
ट्रेन संख्या 19407 (साबरमती-लालगढ़)
- साबरमती से प्रस्थान: शाम 5:55 बजे
- जोधपुर आगमन: रात 2:40 बजे
- बीकानेर आगमन: सुबह 7:30 बजे
- लालगढ़ आगमन: सुबह 8:10 बजे
ट्रेन संख्या 19408 (लालगढ़-साबरमती)
- लालगढ़ से प्रस्थान: रात 9:05 बजे
- बीकानेर से प्रस्थान: रात 9:20 बजे
- जोधपुर आगमन: रात 1:20 बजे
- साबरमती आगमन: सुबह 11:30 बजे
17 प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव:-
ट्रेन दोनों दिशाओं में मेहसाणा, पाटन, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा और बीकानेर स्टेशनों पर रुकेगी।
आधुनिक एलएचबी कोच से लैस:-
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। ट्रेन में कुल 23 डिब्बे हैं, जिनमें फर्स्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी, थ्री-टियर इकोनॉमी, स्लीपर, जनरल और गार्ड-कम-पॉवर कार शामिल हैं।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा:-
नई रेल सेवा से राजस्थान और गुजरात के बीच पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है। गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर और पाटन की रानी की वाव तक राजस्थान के पर्यटकों की पहुंच आसान होगी। वहीं, गुजरात के पर्यटक बीकानेर के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस और जोधपुर के मेहरानगढ़ किले का आसानी से भ्रमण कर सकेंगे।
इसके अलावा, पश्चिमी राजस्थान के हैंडीक्राफ्ट और टेक्सटाइल कारोबार को भी इस सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की उम्मीद है।