बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा करते बुकी गिरफ्तार

post 831 (1)

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में क्रिकेट सट्टेबाजी और बुकी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने मुख्य बाजार स्थित सब्जी मंडी के सामने एक दुकान पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिग्गाबास निवासी राजन मोरवानी ऑनलाइन क्रिकेट मैचों के भाव देखकर ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टे की खाईवाली और लगाईवाली कर रहा था। कार्रवाई के दौरान आरोपी दो मोबाइलों से लगातार कुछ लिख रहा था। पुलिस टीम को देखकर उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए। मोबाइल की जांच में अलग-अलग टैब में खाईवाली और लगाईवाली से संबंधित एंट्रियां मिलीं। पुलिस के अनुसार मोबाइल में विभिन्न यूजर आईडी के नाम पर एक लाख रुपये, 1.16 लाख रुपये, 2.07 लाख रुपये, 51 हजार रुपये और 6 लाख रुपये तक की रकम दर्ज पाई गई।

इसके अलावा मोबाइल में सट्टेबाजी से जुड़े खाताबुक, व्हाट्सएप चैट और विभिन्न आईडी के लॉगिन व पासवर्ड भी मिले हैं। आरोपी द्वारा तीन अलग-अलग आईडी संचालित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थानाधिकारी कश्यप सिंह कर रहे हैं।