बीकानेर: ट्रोला-पिकअप की भीषण भिड़ंत, 17 वर्षीय किशोर की मौत, दो गंभीर घायल

बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़ के लूणकरणसर रोड पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ट्रोला और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे हादसे की सूचना मिलते ही आपणो गांव सेवा समिति और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मुन्नीराम (25) पुत्र पोकरराम, ओमप्रकाश (17) पुत्र हंसराज और अभिषेक (21) पुत्र कन्हैयालाल, निवासी गुंसाइसर बड़ा, को पीबीएम ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर रेफर किया गया। उपचार के दौरान ओमप्रकाश ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक ओमप्रकाश अपनी विधवा मां और चार छोटी बहनों का इकलौता भाई था। परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। वह पढ़ाई के साथ-साथ काम भी करता था ताकि परिवार का सहारा बन सके। उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मुन्नीराम के परिवार में 6 जुलाई को विवाह समारोह होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीकर में नीट की तैयारी कर रहा उसका चचेरा भाई अभिषेक भी गांव लौट रहा था। तीनों युवक पिकअप में सवार होकर घर जा रहे थे, तभी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रोले से उनकी टक्कर हो गई।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी कश्यप सिंह, एसआई मोहनलाल और एसआई राजेंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने और वाहनों को हटाने की कार्रवाई की। वहीं आपणो गांव सेवा समिति और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादारों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।