बीकानेर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

बीकानेर। छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में सूरतगढ़-छत्तरगढ़ रोड स्थित 545 आरडी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 545 आरडी निवासी भंवर सिंह (40) पुत्र जसवंत सिंह के रूप में हुई है, जो कुल्फी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के पिता जसवंत सिंह पुत्र करतार सिंह की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 18 मई की रात करीब 8 बजे भंवर सिंह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सूरतगढ़-छत्तरगढ़ मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भंवर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल छत्तरगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।