बीकानेर: युवक पर लाठी-डंडों और चाकू से जानलेवा हमला, मामला दर्ज

post 1932 (1)

बीकानेर। जसरासर थाना क्षेत्र के लालासर साथरी गांव में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों और चाकू से किए गए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, लालासर निवासी 28 वर्षीय मनोज ने जसरासर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि रात करीब 9 बजे वह एक शादी समारोह से खाना खाकर पैदल अपने खेत की ओर जा रहा था। गांव से बाहर निकलते ही मोटरसाइकिल पर सवार राधेश्याम और ओमप्रकाश जाट ने उसका रास्ता रोक लिया। इसी दौरान भंवरलाल भी वहां पहुंच गया।

पीड़ित का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने लाठियों से उसकी बेरहमी से पिटाई की और जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस दौरान ओमप्रकाश ने उस पर चाकू से वार किया, जिससे उसके हाथ पर गंभीर चोट आई।

मनोज के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार उसे धमकियां दे रहे हैं, जिससे उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है।

जसरासर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई भंवरलाल को सौंपी गई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

You may have missed