अनूपगढ़: कॉपी चेक का बहाना… ऑफिस में बुलाकर छात्रा से शर्मनाक हरकत, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

अनूपगढ़: कॉपी चेक का बहाना… ऑफिस में बुलाकर छात्रा से शर्मनाक हरकत, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
अनूपगढ़ के एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत हिंदी व्याख्याता रमनदीप सिंह को पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी को पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अनूपगढ़ थाना प्रभारी (एसएचओ) ईश्वर जांगिड़ के अनुसार, एक नाबालिग छात्रा की मां की ओर से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रमनदीप सिंह पिछले दो वर्षों से छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था और उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने कई बार छात्रा के साथ अशोभनीय हरकतें कीं और उसे परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर दबाव बनाता था।
मामले के अनुसार, आरोपी छात्रा को स्कूल में अलग-अलग बहानों से बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ करता था। करीब 12 दिन पहले भी उसने कॉपी जांचने के बहाने छात्रा को एक कमरे में बुलाया और अनुचित हरकत करने का प्रयास किया। इसी दौरान स्कूल के दो छात्रों ने उसे आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद यह बात अन्य विद्यार्थियों तक फैल गई।
रिपोर्ट के अनुसार, घटना देखने वाले छात्रों में से एक ने इसकी जानकारी अन्य विद्यार्थियों को दी थी। इसके बाद आरोपी उस छात्र से रंजिश रखने लगा और उसे लगातार धमकाने लगा। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने छात्र को जान से मारने तक की धमकी दी, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया।
बताया जा रहा है कि 18 अप्रैल को बांडा कॉलोनी में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। मृतक के परिजनों ने भी रमनदीप सिंह पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।
छात्रा के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि लगभग तीन महीने पहले भी आरोपी एक अन्य छात्रा के साथ गलत हरकत करते हुए पकड़ा गया था, लेकिन उस मामले को दबा दिया गया था। आरोप है कि समझौते के लिए दबाव और धन का इस्तेमाल किया गया।
एसएचओ ईश्वर जांगिड़ ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यदि जांच में अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।