बीकानेर: बीड़ी को लेकर हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर चाकू से हमला, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

बीकानेर। शहर में बीड़ी को लेकर हुआ एक मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को सूरज टॉकीज के सामने गली में स्थित एक परचून की दुकान पर दो युवक बीड़ी लेने पहुंचे। दुकान संचालक आमीन ने बीड़ी दे दी, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उसे बिखेर दिया। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने आमीन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद 2 अप्रैल को पीड़ित की ओर से मामला दर्ज कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। थानाधिकारी धीरेन्द्र शेखावत के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में इरफान और सुफियान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।