1 मई 2026 से बड़ा बदलाव: UPI से लेकर LPG तक नए नियम, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा असर

जयपुर: 1 मई 2026 से राजस्थान सहित पूरे देश में बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, निवेश और घरेलू जरूरतों से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं। Reserve Bank of India (RBI) और अन्य सरकारी एजेंसियों के ये कदम सुरक्षा बढ़ाने, काले धन पर नियंत्रण और वित्तीय सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।
इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की सुविधाओं पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं प्रमुख बदलाव—
डिजिटल पेमेंट और UPI में सख्ती:-
RBI ने UPI और अन्य डिजिटल ट्रांजेक्शन में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) को और मजबूत किया है। अब UPI के जरिए ATM से कैश निकासी भी बैंक की फ्री ट्रांजेक्शन लिमिट में गिनी जाएगी। लिमिट पार होने के बाद प्रति ट्रांजेक्शन 17 से 21 रुपए तक शुल्क देना पड़ सकता है। इससे सुरक्षा बढ़ेगी, लेकिन बार-बार निकासी करने वालों पर खर्च बढ़ सकता है।
10 लाख से ज्यादा कैश ट्रांजेक्शन पर PAN जरूरी:-
एक वित्तीय वर्ष में 10 लाख रुपए से अधिक नकद जमा या निकासी करने पर PAN देना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य बड़े कैश लेन-देन की निगरानी और अनएकाउंटेड मनी पर रोक लगाना है।
म्यूचुअल फंड में नया फोकस:-
निवेश के क्षेत्र में लाइफ-साइकिल फंड्स को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो निवेशक की उम्र और जोखिम के हिसाब से अपने आप पोर्टफोलियो बदलते हैं। साथ ही, इक्विटी म्यूचुअल फंड्स अब 35% तक निवेश सोना-चांदी ETF में कर सकेंगे, जिससे पोर्टफोलियो में विविधता बढ़ेगी।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड पर टैक्स बदलाव:-
Sovereign Gold Bond में टैक्स छूट अब केवल उन निवेशकों को मिलेगी जो इन्हें सीधे जारी होने के समय खरीदते हैं। सेकेंडरी मार्केट से खरीदने पर कैपिटल गेन टैक्स लागू हो सकता है।
शेयर ट्रेडिंग होगी महंगी:-
शेयर बाजार में Securities Transaction Tax (STT) बढ़ा दिया गया है। अब ऑप्शंस पर 0.15% और फ्यूचर्स पर 0.05% टैक्स लगेगा, जिससे छोटे और बार-बार ट्रेड करने वाले निवेशकों के मुनाफे पर असर पड़ सकता है।
LPG सिलेंडर के नियम सख्त:-
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, बीकानेर और कोटा जैसे शहरों में अब एक सिलेंडर के बाद दूसरा बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा। डिलीवरी के समय OTP अनिवार्य रहेगा और eKYC भी जरूरी कर दी गई है। नियमों का पालन नहीं करने पर बुकिंग रद्द हो सकती है।
ऑनलाइन गेमिंग पर निगरानी:-
रियल मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म्स के लिए नए नियम लागू किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में अधिक निगरानी बढ़ेगी, जिसका असर यूजर्स पर प्लेटफॉर्म फीस या सेवाओं के रूप में पड़ सकता है।
क्या करें आम लोग?
- PAN को Aadhaar से लिंक कर लें
- बैंक और LPG डिस्ट्रीब्यूटर में मोबाइल नंबर अपडेट रखें
- MyLPG ऐप या पोर्टल से eKYC पूरा करें
- अपने बैंक की फ्री ट्रांजेक्शन लिमिट जरूर जान लें
असर क्या होगा?
इन बदलावों से शुरुआत में कुछ असुविधा और अतिरिक्त खर्च बढ़ सकता है, खासकर डिजिटल निकासी, ट्रेडिंग और LPG बुकिंग में।हालांकि, लंबे समय में ये कदम धोखाधड़ी कम करने, सब्सिडी का सही उपयोग सुनिश्चित करने और निवेशकों को बेहतर सुरक्षा देने में मददगार साबित हो सकते हैं।
राजस्थान के लोगों को खासतौर पर LPG के 25 दिन वाले नियम पर ध्यान देना होगा, क्योंकि इसका सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ सकता है।