सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद अचानक जयपुर पहुंचे सिद्धारमैया, अशोक गहलोत से की मुलाक़ात, जानें क्या है वजह?

जयपुर में गुरुवार रात अचानक राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब कर्नाटक के निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का विशेष चार्टर विमान मौसम खराब होने के कारण आपात स्थिति में जयपुर एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। बताया जा रहा है कि दिल्ली में खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार सिद्धारमैया एक हाई-प्रोफाइल प्रतिनिधिमंडल के साथ बेंगलुरु से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। लेकिन दिल्ली के हवाई क्षेत्र में मौसम बिगड़ने के कारण विमान को सुरक्षित विकल्प के तौर पर जयपुर के सांगानेर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। रात करीब 8 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
इस विशेष चार्टर विमान में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इनमें एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के अलावा मंत्री केजे जॉर्ज, बैराती सुरेश, कानूनी सलाहकार पोन्नन्ना, विधान परिषद सदस्य डॉ. यतींद्र और एआईसीसी सचिव अभिषेक दत्त भी शामिल थे।
विमान के जयपुर पहुंचने की सूचना मिलते ही राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एयरपोर्ट पहुंचे और वीआईपी लाउंज में नेताओं से मुलाकात की। मौसम साफ होने का इंतजार करते हुए करीब साढ़े तीन घंटे तक सभी नेता जयपुर एयरपोर्ट पर रुके रहे। इस दौरान नेताओं के बीच राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर अनौपचारिक चर्चा होने की भी चर्चा रही।
दिल्ली में मौसम सामान्य होने के बाद देर रात चार्टर विमान को फिर से रवाना किया गया। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद सिद्धारमैया की अगली भूमिका को लेकर दिल्ली में होने वाली बैठकों पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।