घर में सो रहे दंपति और बच्चे को सांप ने डसा; पति-पत्नी की मौत, मासूम अस्पताल में भर्ती

post 705 (1)

बाड़मेर। जिले के सेड़वा उपखंड क्षेत्र के फागलिया इलाके में सर्पदंश की दर्दनाक घटना सामने आई है। कथित तौर पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों को सांप ने काट लिया, जिसमें पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे का अस्पताल में उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फागलिया क्षेत्र में दंपती और उनका बच्चा रात के समय घर में सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने डस लिया। परिजनों ने तीनों को तुरंत सेड़वा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

उपचार के दौरान पति-पत्नी ने दम तोड़ दिया, जबकि बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के क्षेत्र में सांप दिखाई देने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोग भयभीत हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सर्प पकड़ने वाली टीम भेजने और क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में स्थानीय तौर पर ‘पीवणा’ नाम से पहचाने जाने वाले सांप की गतिविधियां देखी जा रही हैं। हालांकि, संबंधित प्रजाति और सर्पदंश की पुष्टि विशेषज्ञ जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की किसी भी घटना को गंभीरता से लें और झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचें। समय पर उपचार मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।

You may have missed