Crime News: शराब के नशे में विवाद से तंग आकर मां-बेटों ने की पिता की हत्या; ईंट-लाठी से पीट-पीटकर ली जान

जालोर। जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के आलासन गांव में 11 जून को हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में मृतक की पत्नी, पुत्र और दो नाबालिग बच्चों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक पप्पाराम (56) के भाई किशोर वाल्मीकि ने हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और एमओबी टीम की सहायता ली गई तथा मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि पप्पाराम शराब का आदी था और आए दिन नशे की हालत में परिवार के सदस्यों के साथ विवाद और मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी उसने शराब के नशे में परिजनों के साथ झगड़ा किया और उन्हें धमकाया।
प्रारंभिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि इसी से आक्रोशित होकर पत्नी अतियादेवी (50), पुत्र राणाराम (20), एक नाबालिग पुत्र और नाबालिग पुत्री ने मिलकर पप्पाराम पर ईंट और लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मामले को सामान्य मौत दर्शाने का प्रयास किया गया, लेकिन जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ में पूरा घटनाक्रम सामने आ गया।
फिलहाल पुलिस ने पत्नी और पुत्र को गिरफ्तार कर जिला कारागृह जालोर भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों को विधि के अनुसार बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।