Rajasthan: गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का आरोपी निकला कुख्यात अपराधी, पाकिस्तान से हथियार मंगवाने की साजिश का खुलासा

post 1806 (1)

Rajasthan: जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले ने एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का खुलासा कर दिया है। मध्यप्रदेश का आदतन अपराधी राहुल घुरैया उर्फ राज पिछले ढाई साल से जयपुर में छिपकर रह रहा था और इसी दौरान उसने शहर में अपने संपर्क मजबूत कर लिए थे।

फरारी के दौरान बनाया नेटवर्क:-

राहुल सांगानेर और प्रतापनगर इलाके में सक्रिय बदमाशों के संपर्क में था। वह किराए के मकान में रहकर स्पा सेंटर में काम कर रहा था, लेकिन लंबे समय तक पुलिस को उसकी भनक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि उसके रहने और काम की व्यवस्था भी स्थानीय अपराधियों ने ही करवाई थी।

छेड़छाड़ के मामले से खुली पोल:-

मालवीय नगर सेक्टर-9 (जवाहर सर्कल थाना क्षेत्र) में आरोपी ने एक गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की थी। पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन शुरुआत में मामला गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की लापरवाही सामने आई, जिसके बाद आरोपी की तलाश तेज हुई। इसी दौरान उसने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे जयपुर लाया गया।

अवैध हथियारों से जुड़ाव:-

पूछताछ में सामने आया कि राहुल अवैध हथियारों के नेटवर्क से भी जुड़ा था। वह एके-47 जैसे हथियार हासिल करने की कोशिश में था और विदेश की एक वेबसाइट के संपर्क में था। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट करने के बाद मध्यप्रदेश पुलिस उसके पीछे लग गई थी, जिसके चलते वह जयपुर आ गया।

पुलिस कार्रवाई में कई खुलासे:-

राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिश दी। प्रतापनगर के एक अपराधी को सप्लाई की गई अवैध पिस्टल बरामद की गई है। इसके अलावा स्पा सेंटर संचालक बाबूलाल बराला को भी अवैध हथियार देने की बात सामने आई है। एक अन्य आरोपी छोटा राज से भी देसी कट्टा जब्त किया गया है।

वेरिफिकेशन में लापरवाही:-

जांच में यह भी सामने आया कि राहुल और उसके सहयोगियों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था। उसे शरण देने के आरोप में निवाई निवासी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ और पीपलू निवासी बाबूलाल बराला को गिरफ्तार किया गया है। दोनों स्पा सेंटर चला रहे थे और इनका भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

यह मामला न सिर्फ एक छेड़छाड़ की घटना तक सीमित रहा, बल्कि इससे जयपुर में सक्रिय अवैध हथियार और अपराधियों के नेटवर्क की भी परतें खुल गई हैं।