RGHS: राजस्थान में RGHS का दायरा बढ़ा, 1,700 से ज्यादा अस्पताल सूचीबद्ध, राज्य के बाहर भी मिलेगा कैशलेस इलाज

POST 956

RGHS: राजस्थान में RGHS का दायरा बढ़ा, 1,700 से ज्यादा अस्पताल सूचीबद्ध, राज्य के बाहर भी मिलेगा कैशलेस इलाज

RGHS: राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना आरजीएचएस (Rajasthan Government Health Scheme) लगातार अपने दायरे का विस्तार कर रही है। अब राज्यभर में 1,720 से अधिक अस्पताल इस योजना में शामिल हैं, जिससे लाखों लाभार्थियों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस विस्तार में राजस्थान के बाहर स्थित 40 अस्पतालों को भी नेटवर्क में शामिल किया गया है। इसका फायदा उन लाभार्थियों को मिलेगा, जिन्हें गंभीर या विशेष इलाज के लिए राज्य से बाहर जाना पड़ता है।

किन्हें मिलेगा RGHS का लाभ:- 

आरजीएचएस योजना का लाभ मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, राज्य और केंद्रीय सेवा के अधिकारी, सरकारी कर्मचारी (सेवारत और सेवानिवृत्त) और राज्य की स्वायत्त संस्थाओं के कर्मी ले सकते हैं। योजना के तहत लाभार्थी सूचीबद्ध अस्पतालों में CGHS पैकेज दरों पर कैशलेस इलाज प्राप्त कर सकते हैं।

लाखों लोग पंजीकृत:-

वर्तमान में योजना के अंतर्गत लगभग 37.6 लाख पारिवारिक सदस्य पंजीकृत हैं। आरजीएचएस के तहत IPD, OPD परामर्श, डे-केयर प्रक्रियाएं, जांच और दवाएं जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक बोझ से मुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

निगरानी व्यवस्था भी लागू:-     

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी बताया कि योजना के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़ाई से निगरानी की जा रही है। अप्रैल 2025 से अब तक 159 निजी अस्पतालों को निलंबित किया गया और उनके आईडी ब्लॉक किए गए। वहीं, पांच अस्पतालों को पूरी तरह से योजना से बाहर कर दिया गया और कुल 26.1 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 25 करोड़ की वसूली की जा चुकी है। फिलहाल, 65 निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

You may have missed