Jobs For Women: टोल प्लाजा पर बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी, 5100+ फीमेल कर्मचारियों की होगी तैनाती, NHAI ने की ये अनूठी पहल

post 1051 (1)

Jobs For Women: राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल संचालन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नई पहल शुरू की है। देशभर के राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क पर स्थित 1,140 से अधिक टोल प्लाजा पर दिन की पारी में 5100 से ज्यादा महिला कर्मचारियों को टोल प्लाजा व बूथ संचालन के लिए तैनात किया गया है।

एनएचएआई का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य टोल प्रबंधन में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना और महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। महिला कर्मचारियों की तैनाती से टोल प्लाजा पर यात्रियों को अधिक सहज और विनम्र सेवा वातावरण मिलने की उम्मीद है। साथ ही, टोल पर होने वाले विवादों और तनावपूर्ण स्थितियों में भी कमी आ सकती है।

हितधारकों से चर्चा के बाद लिया गया फैसला:-

यह निर्णय विभिन्न हितधारकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। टोल प्लाजा संचालकों के साथ-साथ उद्योग से जुड़े संगठनों National Highways Builders Federation (NHBF), Highway Operators Association of India (HOAI) और All India User Convenience Federation (AIUCF) ने भी इस पहल का समर्थन किया है। सभी संचालकों ने दिन की पारी में महिला कर्मचारियों की तैनाती को सकारात्मक कदम बताया है।

क्रियान्वयन पर रखी जाएगी नजर:-

एनएचएआई इस पहल के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी भी करेगा, ताकि सभी टोल प्लाजा पर नियमों का सही तरीके से पालन हो सके। इससे खासतौर पर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और राजमार्ग अवसंरचना क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।

महिला कर्मचारियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण:-

तैनाती से पहले महिला कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें यात्रियों से संवाद, विनम्र व्यवहार, आपात स्थितियों से निपटना, सुरक्षा प्रोटोकॉल और कुशल टोल संचालन जैसे विषय शामिल होंगे। इससे सेवा की गुणवत्ता में सुधार और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

पहल की मुख्य बातें:-

  • देशभर के 1140 से अधिक टोल प्लाजा पर महिलाओं की तैनाती
  • 5100 से ज्यादा महिला कर्मचारी दिन की पारी में करेंगी कार्य
  • ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को मिलेगा रोजगार
  • टोल सेवा होगी अधिक सहज और उपयोगकर्ता के अनुकूल
  • महिला कर्मचारियों को दिया जाएगा कार्य का प्रशिक्षण

You may have missed