Gold-Silver Price: वैश्विक हलचल के बीच चमकी चांदी, सोने की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल
Gold-Silver Price Update: सोना और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेज उछाल देखी जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना करीब 400 रुपये चढ़कर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी में 8,000 रुपये से ज्यादा की तेजी देखने को मिली और 5 मार्च वायदा कॉन्ट्रैक्ट 2.75 लाख रुपये प्रति किलो के ऊपर कारोबार करता दिखा।
कुछ दिन पहले जहां चांदी करीब 2.25 लाख रुपये और सोना लगभग 1.37 लाख रुपये के स्तर पर था, वहीं अब दोनों कीमती धातुओं ने दोबारा मजबूती पकड़ ली है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी अनिश्चितताओं के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे कीमतों में तेजी आई है।
तेजी की मुख्य वजहें क्या हैं?:-
कीमतों में उछाल के पीछे अमेरिका से जुड़ी दो अहम घटनाओं को प्रमुख कारण माना जा रहा है:-
- पहला, अमेरिका में टैरिफ को लेकर बनी अनिश्चित स्थिति ने बाजार में अस्थिरता बढ़ाई है।
- दूसरा, अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में स्पष्ट नतीजा नहीं निकल पाने से भू-राजनीतिक तनाव कायम है।
जिनेवा में मीडिएटर ओमान के अनुसार, तेहरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर वार्ता में कुछ प्रगति जरूर हुई है, लेकिन अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां भी जारी हैं, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ी है। ऐसे माहौल में सोना-चांदी जैसी सुरक्षित धातुओं की मांग बढ़ना स्वाभाविक है।
इसके अलावा अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई, जबकि कीमती धातुओं में मजबूती बनी रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल:-
वैश्विक बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतें अपेक्षाकृत स्थिर रहीं। स्पॉट गोल्ड लगभग 5,187 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि स्पॉट सिल्वर करीब 0.6% की बढ़त के साथ 88 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया। हाल के हफ्तों में यह चांदी का उच्च स्तर माना जा रहा है।
नोट: किसी भी कीमती धातु में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें।