विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने पति समेत 5 पर लगाया हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप

post 08 (1)

झुंझुनूं। जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के स्यालू कलां गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष जहां इसे हादसा बता रहा है, वहीं मृतका के पिता ने दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार 28 जून को स्यालू कलां निवासी मनीषा पत्नी मनोज भालोठिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में ससुराल पक्ष ने महिला की मौत पानी की डिग्गी में पैर फिसलने से होना बताया है।

वहीं, मृतका के पिता रणवीर मेचू निवासी कुलोठ कलां ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी का विवाह वर्ष 2020 में मनोज भालोठिया से हुआ था। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जून को उनकी बेटी की हत्या कर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर पति मनोज, सास मायावती देवी, ससुर सुबे सिंह, देवर मनजीत और देवरानी रेखा के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा मेडिकल बोर्ड की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगा, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।