बीकानेर: अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, होटल संचालक सहित दो आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेरूणा थाना पुलिस ने रविवार रात दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में थाना प्रभारी संध्या बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूनरासर रोड पर झंझेऊ की रोही में दबिश देकर झंझेऊ निवासी 38 वर्षीय ओमसिंह राजपूत को 9 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस प्रकरण की जांच पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने नापासर थानाधिकारी सुषमा को सौंपी है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-11 स्थित शर्मा होटल पर छापा मारकर मूंजासर निवासी होटल संचालक श्रवण कुमार ब्राह्मण को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 642 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा तथा बिक्री के 1,570 रुपये बरामद किए गए। इस मामले की जांच श्रीडूंगरगढ़ थाने के उपनिरीक्षक पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है।