बीकानेर: दो ट्रकों की टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, एक चालक जिंदा जला

बीकानेर , accident

बीकानेर। बीकानेर-लूणकरणसर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-62) पर जामसर थाना क्षेत्र में देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि उसके केबिन में फंसे चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।

हादसे की सूचना मिलते ही जामसर थाना पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार दूसरे ट्रक का चालक जयसिंहदेसर मगरा निवासी दिनेश बिश्नोई गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। उसका उपचार भी पीबीएम अस्पताल में जारी है।

जामसर थाना के एएसआई रामकेश मीणा ने बताया कि हादसा देर रात करीब एक बजे हुआ। दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।