Weather Update: मौसम विभाग ने प्रदेश के 37 जिलों में किया बारिश का अलर्ट जारी

post 904 (1)

Weather Update: राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं और इसका असर अब राजधानी जयपुर में भी देखने को मिल रहा है। गुरुवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। जेएलएन मार्ग, परकोटा, जगतपुरा, सांगानेर समेत विभिन्न क्षेत्रों में करीब एक घंटे तक बारिश का दौर चला, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली।

बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर पानी भर गया और यातायात की रफ्तार प्रभावित हुई। हालांकि मौसम सुहावना होने से लोगों ने बारिश का आनंद भी लिया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां आगामी दिनों में और मजबूत हो सकती हैं।

37 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के 37 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि आने वाले समय में कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारां जिले के अटरू में सर्वाधिक 90 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान जोधपुर में 30.5 डिग्री और सिरोही में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

25 से 27 जून तक मौसम रहेगा सक्रिय

मौसम विभाग ने 25 से 27 जून के बीच विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम सक्रिय बना रहेगा। कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर रहने से बचने की अपील की है।