बीकानेर: काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला व्यक्ति, खेत की डिग्गी में लगाई छलांग; डूबने से दर्दनाक मौत

बीकानेर: सेरूणा, थाना क्षेत्र के सांवतसर गांव की रोही में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सांवतसर निवासी 40 वर्षीय गोपीराम नायक सुबह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद वह गांव के पास स्थित एक खेत की डिग्गी के समीप पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने जोर से आवाज लगाई और इसके बाद डिग्गी में छलांग लगा दी।
पास में मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन डिग्गी में अधिक पानी होने के कारण वह डूब गया। सूचना मिलने पर सेरूणा पुलिस के एएसआई गोकुलचंद मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को डिग्गी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाकर पोस्टमार्टम करवाया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।