दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में शक्तिशाली भूकंप के झटके, जापान और वेनेजुएला में आया भीषण भूकंप

post 888 (1)

नई दिल्ली। दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। उत्तरी जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जबकि वेनेजुएला में रिक्टर स्केल पर 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है।

वेनेजुएला में भूकंप का असर राजधानी कराकास समेत कई क्षेत्रों में देखने को मिला। इसके झटके पड़ोसी देश कोलंबिया में भी महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र मोंटालबान के निकट जमीन से करीब 13 किलोमीटर की उथली गहराई में था। कम गहराई होने के कारण सतह पर झटके काफी तेज महसूस किए गए।

प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक कराकास सहित कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, कराकास एयरपोर्ट को भी क्षति पहुंचने की सूचना सामने आई है।

बताया जा रहा है कि मुख्य भूकंप से करीब 40 सेकंड पहले 7.2 तीव्रता का एक और भूकंप आया था। स्थिति को देखते हुए अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है।

फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जबकि संबंधित एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।