Road Accident : डंपर की टक्कर से मामा-भांजे की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

रायपुर मारवाड़ (पाली)। कस्बे के दीपावास रोड स्थित बेरा नवादिया के पास बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दीपावास निवासी महेंद्र नाथ (19) पुत्र किशन नाथ कालबेलिया और उसका भांजा सुभाष नाथ (21) पुत्र रूमाल नाथ निवासी कपूरड़ी बाइक पर दीपावास से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेरा नवादिया के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
शादी वाले घर में पसरा मातम:-
मृतक महेंद्र नाथ के परिवार में इन दिनों शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। रिश्ते के भाई के विवाह को लेकर घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन:-
उन्होंने मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा, आबादी क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से दो युवकों की जान चली गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा समझाइश कर मामला शांत कराने का प्रयास शुरू किया।