अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर खाजूवाला में बैठक आयोजित, सौंपी जिम्मेदारियां

खाजूवाला। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर बाबा रामदेव पार्क में पतंजलि योग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष डॉ. जे.एस. संधू ने की। इस दौरान योग दिवस के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं और सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 21 जून 2026 को उपखंड प्रशासन खाजूवाला और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बाबा रामदेव पार्क में सुबह 6:15 बजे से 8:15 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन उपखंड अधिकारी पंकज गढ़वाल और आयुर्वेद विभाग के डॉ. किशन गोपाल चौधरी के निर्देशन में होगा। कार्यक्रम में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
योग दिवस के प्रति आमजन को जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 20 जून को शाम 5 बजे खाजूवाला बाजार में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को योग शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
समिति की ओर से बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास के तहत बाबा रामदेव पार्क में प्रतिदिन सुबह 5:15 बजे से 6:30 बजे तक नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. जे.एस. संधू ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
बैठक में सचिव सुनील सिहाग, कोषाध्यक्ष सम्पत्त लाल दुगड़, युवा प्रभारी तीर्थराज कड़ेला, जगविंद्र सिंह सिद्धू, बूंदी लाल शर्मा, मीठू सिंह माहर, राजवीर रणवा, आसूराम पालीवाल, भंवरलाल, दिलीप राड़, लक्की अरोड़ा सहित समिति के कई सदस्य और योग साधक मौजूद रहे।