Rajasthan: भजनलाल सरकार का बड़ा फैसला, डीए-डीआर बढ़ा; लाखों कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में बढ़ोतरी का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर वित्त विभाग के प्रस्ताव को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंजूरी दे दी है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
पांचवें और छठे वेतनमान में बढ़ोतरी:-
सरकार के निर्णय के अनुसार पांचवें वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत कर दिया गया है। यानी इसमें 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं छठे वेतनमान के तहत डीए और डीआर 257 प्रतिशत से बढ़कर 262 प्रतिशत हो गया है, जो 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है।
एरियर का भी मिलेगा लाभ:-
1 जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक की अवधि का महंगाई भत्ता राज्य कर्मचारियों के जीपीएफ, जीपीएफ-2004 और जीपीएफ-एसएबी खातों में जमा किया जाएगा। इसके बाद की अवधि का भुगतान नियमित वेतन के साथ किया जाएगा। दूसरी ओर पेंशनर्स को इसी अवधि का एरियर नकद भुगतान के रूप में दिया जाएगा।
लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा:-
सरकार के इस फैसले से पांचवें और छठे वेतनमान के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त करने वाले लाखों कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिलेगा। बढ़ती महंगाई के बीच यह निर्णय उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती देने वाला माना जा रहा है।