दर्दनाक हादसा : नदी में गिरी राजस्थान के पर्यटकों की कार, तीन की मौत, चार लोग लापता

post 510 (1)

उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के जैसलमेर निवासी तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार जैसलमेर से उत्तराखंड घूमने आए आठ लोग एक कार में सवार होकर हरिद्वार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवप्रयाग क्षेत्र के साकनीधार स्थित गंगा दर्शन होटल के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। राहत दल ने नदी से तीन लोगों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान जैसलमेर के दरिया नाथ बावड़ी निवासी कमला, अखिलेश और दिनेश के रूप में हुई है।

हादसे में घायल बच्चे आयुष्मान को पहले श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।।

पुलिस के अनुसार गुड्डी देवी, जाह्नवी, नंबरदार सहित चार लोग अभी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए नदी में विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की जा रही है।

देवप्रयाग थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ की व्यासी, श्रीनगर और ढालवाला इकाइयों की टीमें मौके पर तैनात हैं। अधिकारियों का कहना है कि गहरी खाई और नदी का तेज बहाव राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन तेज गति में था, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश पूरी होने तक बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा।