बीमा के नाम पर बड़ा खेल: मृतक को पहले जिंदा दिखाया, फिर दोबारा मौत बताकर लाखों का क्लेम; पढ़े खबर

हनुमानगढ़। इंश्योरेंस घोटालों को अंजाम देने वाले हरियाणा के गिरोह राजस्थान क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसको लेकर हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी थाने में कई जनों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया है, जिसमें गांव नेठराणा के मृत व्यक्ति को पहले दस्तावेजों में जिंदा दिखाया गया और बाद में दोबारा मृत दर्शाकर लाखों रुपए का बीमा क्लेम उठा लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
आरोप है कि गिरोह के लोग राजस्थान के हनुमानगढ़ में तकनीक, फर्जी दस्तावेज और कागजी कार्यवाही के जरिए मृत व्यक्तियों के नाम पर बीमा पॉलिसियों का खेल खेलकर बीमा कंपनियों को लाखों रुपए का चूना लगा रहे हैं। मामला तब सामने आया जब 25 लाख रुपए की एक अन्य बीमा पॉलिसी का दावा पेश किया गया और जांच में पूरे नेटवर्क पर संदेह गहरा गया। बताया जा रहा है कि कुछ बीमा एजेंटों और निवेशकों की कथित मिलीभगत से इस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
भाई को बना दिया पति:-
गोगामेड़ी थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा के कुछ आरोपियों ने नेठराणा निवासी मृतक रोहताश पुत्र तिलोकाराम कुम्हार के नाम पर फर्जी बीमा क्लेम तैयार किया। आरोप है कि मृतक की पत्नी और पॉलिसी की नोमिनी शारदा ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अपने भाई को ही दस्तावेजों में पति रोहताश के रूप में पेश कर दिया।
जांच में सामने आया कि पॉलिसी भुगतान संबंधी दस्तावेजों में लगी फोटो रोहताश की नहीं, बल्कि उसके साले की थी, जो चूरू जिले के सिद्धमुख क्षेत्र का निवासी बताया गया। इसी आधार पर 6.88 लाख रुपए से अधिक का बीमा क्लेम लेकर भुगतान प्राप्त कर लिया गया।
हिसार में मौत, बना नया मृत्यु प्रमाण-पत्र
परिवादी नोहर निवासी श्यामसुंदर पुत्र किशनलाल ने 26 अप्रैल को गोगामेड़ी थाने में रिपोर्ट दी। जांच में सामने आया कि रोहताश की मौत 31 अक्टूबर 2024 को हिसार स्थित घर में हुई थी और उसका रिकॉर्ड स्थानीय स्तर पर दर्ज मिला। इसके बावजूद आरोपियों ने अप्रैल 2025 में हरियाणा के जींद स्थित निजी अस्पताल से नया मृत्यु प्रमाण-पत्र तैयार करवाया, जिसमें मौत का कारण हृदयाघात बताया गया।
मामले में शारदा सहित फतेहाबाद निवासी बंशीलाल, सुरेंद्र पुत्र मांगेराम और सुरेंद्र बेनीवाल को नामजद किया गया है। गोगामेड़ी थाने के एएसआई प्रवीण ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित स्थानों से तथ्य जुटाए जा रहे हैं।