Road Accident: अनियंत्रित होकर पलटी सवारियों से भरी स्लीपर बस, युवती समेत 2 की मौत, 8 गंभीर घायल

post 504 (1)

बारां। जिले के देवरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुराने फरेदुआ गांव के पास यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में एक युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में 22 वर्षीय साक्षी पुत्री वीरेंद्र सिंह निवासी किशनगंज (बारां) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य पुरुष यात्री की भी दुर्घटना में मौत हो गई। घायलों में मनोज राजपूत, प्रदीप राजपूत, सोना, वीरेंद्र, सुनीता पत्नी मागीलाल और रैम्बो पुत्र गणेश सहित आठ लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

बस में सवार ग्वालियर से कोटा जा रहे डॉ. विजय नायक ने बताया कि दुर्घटनास्थल से करीब 100 मीटर पहले बस अचानक अनियंत्रित हो गई थी। पहले वह डिवाइडर पर चढ़ी और फिर पलटते हुए सड़क पार कर खाई में जा गिरी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर एसडीएम सुनील कुमार सिंघानिया, तहसीलदार अनीता सिंह, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वन कुमार शर्मा और कस्बा थाना अधिकारी योगेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे तथा राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। बाद में क्रेन की सहायता से बस को सीधा कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।