दर्दनाक हादसा: टक्कर के बाद 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 2 लोगों की मौत; एक गंभीर घायल

post 489 (1)

प्रतापगढ़। जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा नेशनल हाईवे-56 पर सुहागपुरा थाना क्षेत्र के पाडलिया जीएसएस के पास हुआ। दुर्घटना में एक कार सड़क से नीचे करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार तीनों दोस्त गंभीर घायल हो गए।

मुंबई से लौट रहे थे तीनों दोस्त:-

पुलिस के अनुसार कार सवार तीनों दोस्त मुंबई से प्रतापगढ़ आ रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे एक भारी वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया।

2 की मौत तीसरे की हालत गंभीर:-

सुहागपुरा थाना के एएसआई भंवरलाल ने बताया कि हादसे में घनश्याम पटेल (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक भावेश (35) और राजकुमार मूणत (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान राजकुमार मूणत ने भी दम तोड़ दिया। वहीं चालक भावेश का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल चालक ने पुलिस को बताया कि वे निजी काम से मुंबई से प्रतापगढ़ लौट रहे थे। पाडलिया क्षेत्र में पहुंचने पर सामने से आए भारी वाहन ने कार को टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। दोनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।