राजस्थान: हवेली से सोना मिलने की कहानी सुनाकर दुकानदार को लगाया 5 लाख का चूना; पढ़े पूरी खबर

चूरू। शहर में सोने का झूमर बेचने के नाम पर एक दुकानदार से 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने रामगढ़ क्षेत्र की एक पुरानी हवेली से सोने का झूमर मिलने की कहानी सुनाकर दुकानदार का भरोसा जीता और बाद में नकली धातु का झूमर बेचकर फरार हो गए। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ओम कॉलोनी निवासी पवन कुमार, जिनकी नई सड़क पर जूते-चप्पलों की दुकान है, करीब 10 दिन पहले अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और खुद को पाली जिले के पास एक गांव का निवासी तथा मजदूर बताते हुए अपना नाम रामेश्वर बताया। बातचीत के दौरान उसने दुकानदार से पहचान बढ़ा ली।
हवेली से मिला सोने का झूमर बताकर रचा जाल:-
कुछ दिन बाद रामेश्वर अपने एक साथी के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। उसने दावा किया कि वे रामगढ़ क्षेत्र की एक पुरानी हवेली तोड़ने का काम कर रहे थे, जहां उन्हें सोने का झूमर मिला है। भरोसा दिलाने के लिए उसने झूमर का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए पवन कुमार को दिया। दुकानदार ने उसे सुनार से जांच करवाया, जहां वह असली सोना निकला। इसके बाद आरोपियों ने उसका विश्वास जीत लिया।
500 ग्राम झूमर को बताया असली सोना:-
आरोप है कि ठगों ने करीब 500 ग्राम वजनी झूमर को असली सोना बताकर 5 लाख रुपये में बेच दिया। बाद में जब पवन कुमार ने झूमर की दोबारा जांच करवाई तो पता चला कि वह नकली धातु का बना हुआ है। जांच में सामने आया कि केवल परीक्षण के लिए दिया गया छोटा टुकड़ा ही असली सोने का था।
पुलिस कर रही जांच:-
ठगी का पता चलने के बाद पवन कुमार ने आरोपियों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।