खाजूवाला: पुलिस को देखते ही नहर में कूदा सरसों चोरी का आरोपी, कांस्टेबल ने छलांग लगाकर दबोचा

post 484 (1)

खाजूवाला। सरसों चोरी मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के दौरान खाजूवाला पुलिस की सतर्कता देखने को मिली। पुलिस को देखते ही आरोपी गजेन्द्र सिंह उर्फ गज्जू भागने के प्रयास में नहर में कूद गया, लेकिन पुलिसकर्मी की तत्परता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, खाजूवाला की अनाज मंडी में सरसों चोरी के मामले में आरोपी गजेन्द्र सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची तो आरोपी बचने के लिए नहर में कूद गया। आरोपी को भागता देख खाजूवाला थाने के कांस्टेबल अरुण कुमार ने भी बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी गजेन्द्र सिंह उर्फ गज्जू को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है। इससे पहले इसी मामले में पुलिस मंगल सिंह और अमित बिश्नोई नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस कार्रवाई में एएसआई मांगीलाल गोदारा और हेड कांस्टेबल खींयाराम भी शामिल रहे। मामले में आगे की जांच जारी है।

You may have missed