Road Accident: तेज रफ्तार SUV डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक युवक की मौत; पांच घायल

Road Accident: दौसा, जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में रविवार को नेशनल हाईवे-21 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेटा गांव के पास दोपहर करीब 11 बजे तेज रफ्तार एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोग दहल उठे।
सिकंदरा थाना प्रभारी अशोक चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। एसयूवी में कुल सात दोस्त सवार थे, जो मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर वापस हनुमानगढ़ लौट रहे थे। रेटा गांव के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद एसयूवी डिवाइडर से टकराकर पलटती हुई खेत में जा गिरी।
हादसे के दौरान वाहन से बाहर गिरे युवक:-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पलटते समय वाहन के दरवाजे खुल गए और दो युवक बाहर जा गिरे। हादसे के दौरान एसयूवी का एक टायर भी निकलकर हाईवे पर काफी दूर तक लुढ़क गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
एक की मौत, गंभीर घायल जयपुर रेफर:-
हादसे में हनुमानगढ़ निवासी राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच युवक घायल हो गए। घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार शुरू किया गया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। बाकी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।