IMD Alert: अगले 3 घंटे में इन पांच जिलों में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी, ओलावृष्टि की भी संभावना

post 481 (1)

IMD Alert: जयपुर, राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और कई जिलों में आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार, 31 मई को प्रदेश के कई जिलों के लिए नया मौसम अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। दोपहर 4 बजे तक विभाग की ओर से कई चरणों में चेतावनी जारी की जा चुकी है, जिससे मौसम की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे अगले तीन घंटों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत बीकानेर, फलौदी, जोधपुर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में धूलभरी आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने के भी संकेत हैं।

इसके अलावा जैसलमेर, श्रीगंगानगर, चूरू, जयपुर और अजमेर जिलों में भी मौसम गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और चालीस किलोमीटर प्रतिघंटे की रफतार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम में आई इस नरमी से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि तेज आंधी और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी होगा।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और मेघगर्जन का दौर जारी रह सकता है। बीते 24 घंटों में भी कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें धौलपुर जिले की बाड़ी में सर्वाधिक 58 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।

रविवार को बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर तेज बारिश, वज्रपात तथा ओलावृष्टि होने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण, हरियाणा क्षेत्र का ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात तथा मध्य पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय सिस्टम मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। इन प्रणालियों के कारण राजस्थान में नमी की उपलब्धता बढ़ी है, जिससे आंधी और बारिश की गतिविधियों को बल मिल रहा है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रह सकता है। इसके असर से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और अधिकांश इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

You may have missed