वेतन विवाद में रेस्टोरेंट कर्मी की संदिग्ध मौत, थाने का घेराव कर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

वेतन विवाद में रेस्टोरेंट कर्मी की संदिग्ध मौत, थाने का घेराव कर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
जयपुर के प्रताप नगर इलाके में एक रेस्टोरेंट कर्मचारी की संदिग्ध मौत के बाद तनावपूर्ण माहौल बन गया। बुधवार रात परिजनों ने रेस्टोरेंट मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर जमकर हंगामा किया और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। फिलहाल पुलिस मामले को आत्महत्या के लिए उकसाने से जोड़कर जांच कर रही है। मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 स्थित ‘टू पल रेस्टोरेंट’ का है। मृतक की पहचान प्रेम सिंह (20) निवासी नांगल शेरपुर, बालघाट, करौली के रूप में हुई है। वह जयपुर में रेस्टोरेंट पर खाना बनाने का काम करता था। उसके पिता का नाम बाबूलाल योगी और मां का नाम पुष्पा बताया गया है।
परिजनों के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:36 बजे प्रेम सिंह ने घर फोन कर बताया था कि रेस्टोरेंट मालिक जितेंद्र सिंह ने उसके साथ मारपीट की है और उसकी करीब 20 हजार रुपये की तनख्वाह भी नहीं दे रहा है। परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। बाद में रेस्टोरेंट मालिक ने प्रेम सिंह को पैसे देने का आश्वासन देकर वापस बुला लिया।