UPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, जानें कब होंगी CSE, NDA, CDS की परीक्षाएं

post 138+ (1)

आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम खबर सामने आई है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (UPSC CSE Prelims 2027) की तारीख भी घोषित कर दी गई है। आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा 23 मई 2027 को आयोजित होगी। अभ्यर्थी विस्तृत शेड्यूल यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट से देख सकते हैं।

सिविल सेवा परीक्षा की जरूरी तारीखें:-

यूपीएससी द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सिविल सेवा परीक्षा 2027 का नोटिफिकेशन 13 जनवरी 2027 को जारी होगा और इसी दिन से आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। उम्मीदवार 2 फरवरी 2027 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रारंभिक परीक्षा 23 मई को आयोजित होगी, जबकि मुख्य परीक्षा (Mains) 20 अगस्त 2027 से शुरू होकर लगातार पांच दिनों तक चलेगी। भारतीय वन सेवा (IFS) की प्रारंभिक परीक्षा भी इसी शेड्यूल के तहत आयोजित की जाएगी।

NDA और CDS परीक्षाओं की तारीखें घोषित:-

रक्षा सेवाओं में करियर बनाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए भी आयोग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। NDA और CDS (पहला चरण) परीक्षा 2027 का नोटिफिकेशन 2 दिसंबर 2026 को जारी होगा, जबकि परीक्षा 11 अप्रैल 2027 को होगी। वहीं दूसरे चरण की परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन 12 मई 2027 को जारी किया जाएगा और परीक्षा 19 सितंबर 2027 को आयोजित होगी।

अन्य प्रमुख परीक्षाओं का शेड्यूल भी जारी

तकनीकी और इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखें भी कैलेंडर में शामिल की गई हैं।

  • कंबाइंड जियो साइंटिस्ट (प्रारंभिक) परीक्षा 2027 का नोटिफिकेशन 2 सितंबर 2026 को जारी होगा, जबकि परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
  • इंजीनियरिंग सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2027 का नोटिफिकेशन 16 सितंबर, 2026 को जारी किया जाएगा और परीक्षा 31 जनवरी, 2027 को आयोजित होगी।
  • CBI DSP LDCE परीक्षा 27 फरवरी 2027 को आयोजित होगी।
  • CISF LDCE परीक्षा का आयोजन 14 मार्च, 2027 को किया जाएगा।

यूपीएससी 2027 का पूरा टाइमटेबल:-

स्टूडेंट्स को मिलेगी तैयारी में मदद:-

यूपीएससी का वार्षिक कैलेंडर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। तय तारीखें सामने आने से उम्मीदवार अपनी पढ़ाई, टेस्ट सीरीज, रिवीजन और समय प्रबंधन की बेहतर योजना बना सकेंगे। साथ ही उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी नई सूचना या बदलाव के लिए यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।