बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फॉर्च्यूनर से 261 ग्राम अफीम बरामद, तीन युवक गिरफ्तार

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन नीलकंठ के तहत सेरूणा थाना पुलिस द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12 बजे सेरूणा थाना क्षेत्र में थानाधिकारी संध्या बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान सूडसर चौकी के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक फॉर्च्यूनर वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 261 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए उसमें सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज जाट (33) निवासी कोटासर, राकेश जाट (22) निवासी रीड़ी तथा केशराराम जाट (33) निवासी राजेडू के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी संध्या बिश्नोई, एएसआई सुरेश कुमार मीणा, कांस्टेबल सेवानंद, नानूराम, सुरेंद्र कुमार, रामदयाल, प्रेम और मुकेश शामिल रहे। मामला एनडीपीएस एक्ट से संबंधित होने के चलते आगे की जांच श्रीडूंगरगढ़ थाने के सब इंस्पेक्टर मोहनलाल कड़वासरा को सौंपी गई है।