पूगल: डिग्गी में डूबने से नानी-दोहिते की मौत

post (1)

बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र के भानीपुरा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां डिग्गी में डूबने से नानी-दोहिते की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मृतका के पति छैलूसिंह ने बताया कि उसकी पत्नी वसु कंवर (52) अपने 9 वर्षीय दोहिते हरी सिंह के साथ खेत स्थित डिग्गी पर गायों को पानी पिलाने गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से हरी सिंह डिग्गी में गिर गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में नानी वसु कंवर भी डिग्गी की ओर दौड़ी, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वह भी पानी में डूब गईं।

काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान डिग्गी में दोनों के शव तैरते दिखाई दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पूगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पूगल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

बताया जा रहा है कि हरी सिंह अपनी मां के साथ छुट्टियां बिताने के लिए ननिहाल आया हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच एएसआई शंभू सिंह कर रहे हैं।