खाजूवाला: खेत में कृषि कार्य के दौरान पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत

post 13

खाजूवाला: खेत में कृषि कार्य के दौरान पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत

बीकानेर। खाजूवाला उपखंड के दंतौर क्षेत्र में खेत पर काम करते समय ट्रैक्टर पलटने से एक बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दंतौर के 9 केएलडी क्षेत्र में हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषि कार्य के दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 80 वर्षीय किसान पृथ्वीराज पुत्र सहीराम जाट, निवासी दंतौर, ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दंतौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खाजूवाला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दंतौर थानाधिकारी महेश कुमार शीला ने बताया कि मृतक के पुत्र विजयपाल की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।