राजस्थान: दिल दहला देने वाली वारदात, मां पर 8 महीने की मासूम को तेजाब पिलाने का आरोप, हालत गंभीर

राजस्थान: भिवाड़ी/अलवर, औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी के कैप्टन चौक इलाके से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपनी आठ महीने की बच्ची को कथित रूप से तेजाब पिलाने का आरोप लगा है। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्ची का पिता मोहित, जो मूल रूप से डीग जिले का निवासी बताया जा रहा है, काम पर गया हुआ था। घर में मां और आठ महीने की बच्ची मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान कथित तौर पर महिला ने अपनी ही दुधमुंही बच्ची को तेजाब पिला दिया।
तेजाब पेट में जाते ही मासूम तड़प उठी और जोर-जोर से रोने-चिल्लाने लगी। कुछ ही देर में बच्ची के नाक और मुंह से लगातार खून बहने लगा (ब्लीडिंग होने लगी), जिससे आसपास के लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया।
बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अलवर रेफर कर दिया।
फिलहाल बच्ची का इलाज अलवर के शिशु अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है और चिकित्सा टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों के मुताबिक बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद परिवार सदमे में है। पिता मोहित ने इस मामले को बेहद दुखद बताते हुए बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई है। वहीं पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही। फिलहाल मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल जारी है।