दर्दनाक हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, चार युवकों की मौत

दर्दनाक हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, चार युवकों की मौत
सीकर। जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। लक्ष्मणगढ़-सालासर मार्ग पर सनवाली के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कार्यवाहक थानाधिकारी राजकुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी बालूराम गोदारा भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने या आमने-सामने आने से भीषण टक्कर हो गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस के अनुसार हादसे में बलारां थाना क्षेत्र के ढोलास निवासी राजेश नैण (30) पुत्र हरिराम, स्वरूपसर निवासी महेश (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह, बैरास निवासी नंदलाल (35) पुत्र मदनलाल और लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के भूमां बासनी निवासी महेंद्र (28) पुत्र जगदीश की की मौत हो गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार महेश निजी स्कूल बस चालक के रूप में कार्यरत था, जबकि नंदलाल जीप चालक था। महेंद्र पूर्व में विदेश में नौकरी कर चुका था और वर्तमान में गांव में रह रहा था। वहीं राजेश भी पहले विदेश में काम कर चुका था और फिलहाल घर पर रह रहा था।