‘घड़ी चल रही है, ईरान तुरंत कदम उठाए’, ट्रंप की चेतावनी से बढ़ी वैश्विक हलचल

Donald-Trump-Iran-Bombing-Warning

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद कड़ी और आक्रामक चेतावनी जारी की है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि, समय तेजी से खत्म हो रहा है और अगर ईरान ने जल्द फैसला नहीं लिया, तो उसका नामोनिशान मिट सकता है।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और संघर्ष को रोकने की कोशिशें लगातार अटकती नजर आ रही हैं। क्षेत्रीय हालात को लेकर पश्चिम एशिया में चिंता बनी हुई है और हालात अभी भी संवेदनशील माने जा रहे हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “ईरान के लिए घड़ी चल रही है। उन्हें बहुत तेजी से कदम उठाना होगा, वरना उनका कुछ भी नहीं बचेगा। समय बेहद महत्वपूर्ण है।”

ट्रंप की इस चेतावनी को अब तक की सबसे सख्त अमेरिकी प्रतिक्रिया माना जा रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस अब एक बार फिर सैन्य विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

एक्सियोस (Axios) की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने शनिवार को अपने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ ईरान मुद्दे पर बैठक की। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मंगलवार को व्हाइट हाउस के ‘सिचुएशन रूम’ में शीर्ष सुरक्षा टीम के साथ एक और अहम बैठक हो सकती है, जिसमें सैन्य कार्रवाई समेत कई विकल्पों पर चर्चा होगी।

बताया जा रहा है कि अमेरिका लंबे समय से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौते की कोशिश कर रहा है, लेकिन कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाने से दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-ईरान तनाव का असर वैश्विक स्तर पर भी पड़ सकता है। खासतौर पर पश्चिम एशिया के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों और तेल आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव संभव है।

इस बीच क्षेत्रीय स्तर पर भी कूटनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं। पाकिस्तान और ईरान के नेताओं के बीच सुरक्षा हालात और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर बातचीत हुई है। वहीं ईरान ने अमेरिका और इजराइल पर क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ाने के आरोप लगाए हैं।

हालांकि तनाव कम करने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच मतभेद बरकरार हैं। ट्रंप के ताजा बयान के बाद पश्चिम एशिया में हालात को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।