राजस्थान में दिल दहला देने वाली घटना, मां ने मासूम बेटे संग कुएं में लगाई छलांग

सिरोही। जिले के मंडार क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 30 वर्षीय महिला ने अपने चार वर्षीय बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना वरमान-वेरिया रोड स्थित एक कुएं की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस प्रशासन और स्थानीय अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस व प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन कुएं में करीब 40 फीट से अधिक पानी और अंधेरा होने के कारण अभियान में काफी दिक्कतें आईं। लंबे प्रयासों के बावजूद रात में सफलता नहीं मिल सकी।
पानी अधिक होने से रेस्क्यू में आई परेशानी:-
पुलिस के अनुसार घटना रविवार देर रात की है। महिला अपने चार वर्षीय बेटे के साथ कुएं में कूद गई थी। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने तत्काल प्रयास शुरू किए, लेकिन कुएं में पानी अधिक होने के कारण अभियान प्रभावित रहा।
जोधपुर से बुलाई गई आपदा प्रबंधन टीम:-
सोमवार सुबह जोधपुर से आपदा प्रबंधन दल को मौके पर बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने कुएं का पानी बाहर निकालने के लिए दो मोटर लगाईं, जिसके बाद बचाव कार्य तेज किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे का शव कुएं से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल, महिला के शव को बाहर निकालने के प्रयास जारी है।
घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस:-
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। फिलहाल महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।