Rajasthan Weather : मौसम विभाग का अलर्ट, राजस्थान में 5 दिन चलेगी तेज धूलभरी हवाएं! जानें कब होगी प्री-मानसून बारिश?

जयपुर। राजस्थान में मई के दूसरे पखवाड़े के साथ ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में आगामी 4 से 5 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों और दक्षिण-पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनने के आसार हैं। इसे देखते हुए 19 मई को प्रदेश के 19 जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है।
धूलभरी हवाओं से बढ़ेगी परेशानी:-
विशेषज्ञों का कहना है कि तेज गर्म हवाओं और धूलभरी आंधियों के कारण लोगों को दिन के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी। खासकर सीमावर्ती और खुले इलाकों में गर्मी का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
28 मई के बाद प्री-मानसून बारिश के संकेत:-
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान के मेवाड़ और आस-पास के क्षेत्रों में 28 मई के बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय होने वाली नमी के प्रभाव से हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं।
बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा मानसून:-
भारतीय मानसून की दक्षिण-पूर्वी शाखा अंडमान सागर होते हुए अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को कवर कर बंगाल की खाड़ी में प्रवेश कर चुकी है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इसी सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान के दक्षिणी हिस्सों में मई के अंतिम सप्ताह में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।