अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल

post 301 (1)

बीकानेर/पूगल। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधानसभा स्तरीय ग्राम रथ अभियान के तहत रविवार को नवसृजित ग्राम पंचायत राणीसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान एलईडी वैन के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की डिजिटल जानकारी दी गई। विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से विभिन्न जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नवसृजित ग्राम पंचायत राणीसर के माध्यम से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे।

जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, 80 से अधिक परिवाद प्राप्त

ग्राम रथ अभियान के दौरान विधायक ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े 80 से अधिक परिवाद प्राप्त हुए। अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए, जबकि कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी:-

विकास अधिकारी गोपाराम ने कार्यक्रम के दौरान वर्तमान में संचालित सरकारी योजनाओं, पात्रता और आमजन की भागीदारी को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद:-

कार्यक्रम में तहसीलदार अशोक पारीक, बीसीएमओ मुकेश मीणा, थानाधिकारी समरसिंह, सिंचाई, विद्युत, पेयजल, कृषि एवं पशुपालन विभागों के अधिकारी सहित पंचायत समिति पूगल के विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष डूंगरराम सैन, सरपंच सिद्धार्थ सिंह समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में विकास अधिकारी गोपाराम ने विधायक, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।